बेटी के साथ मारपीट में चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
रतनपुरी/खतौली। गांव चंदसीना निवासी व्यक्ति ने अपने दामाद, बेटी के ससुर व दो अन्य पर अपनी बेटी के साथ घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रतनपुरी के गांव चंदसीना निवासी बुद्ध सिंह पुत्र पूरन सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी सविता की शादी चार वर्ष पूर्व अनुज कुमार पुत्र इंद्रजीत सिंह निवासी प्रताप नगर सेक्टर 10-ए सांगानेर, थाना सांगानेर, जयपुर राजस्थान के साथ हुई थी। उसका दामाद अनुज कुमार, ससुर इंद्रजीत व डॉ. संजीव कुमार ने अपने व्यवसाय हेतु बुद्ध सिंह से छह लाख रुपये उधार लिए थे। इसके बाद कई बार मांगने पर भी उक्त लोगों ने उसके उधार के छह लाख रुपये वापस नहीं किए। इसके बाद 12 जनवरी को दोपहर करीब एक बजे उसका दामाद अनुज कुमार, ससुर इंद्रजीत एवं डॉ. संजीव कुमार व एक अन्य अज्ञात व्यक्ति उसके घर में घुस गए। बुद्ध सिंह का आरोप है कि इन लोगों ने उसकी लड़की के साथ मारपीट की।