मुजफ्फरनगर। छपार के बरला में सीओ सदर कार्यालय पर मंगलवार को धरना देने पहुंचे भाकियू (टिकैत) कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कार्यालय का गेट तोड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है।
भाकियू (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार दोपहर में छपार क्षेत्र में बरला स्थित सीओ सदर के कार्यालय पर धरना दिया था। सीओ अपने कार्यालय में बैठे थे और भाकियू कार्यकर्ता बाहर कार्यालय परिसर में धरना देकर बैठ गए थे। बाद में सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने पहुंच कर मामला संभाला था। इस मामले में छपार थाने में तैनात दारोगा मानवेंद्र सिंह ने सहारनपुर मंडल महा सचिव मंगता हसन, पुरकाजी ब्लाक महा सचिव शमशाद, असजद, हाजी अब्बास अली, शहजाद प्रधान छपार, मुंतजिर व चालीस अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बताया कि लोग जुलूस के रुप में सीओ कार्यालय पर पहुंचे और कार्यालय में कब्जा करने के लिए घुसने लगे। कर्मचारी ने गेट बंद कर उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन फिर भी ये नहीं माने। धक्का देकर सीओ कार्यालय का गेट तोड़ दिया। कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार कर सीओ कार्यालय पर कब्जा कर नारे लगाते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। पूरे दिन कार्यालय समय में कोई राजकीय कार्य नहीं करने दिया। छपार थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।