बुढ़ाना कोतवाली में मौजूद एडीजी, एसएसपी, सीओ व एसडीएम।
एडीजी राजीव सभरवाल ने बुढ़ाना कोतवाली में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना/मंसूरपुर। एडीजी राजीव सभरवाल और एसएसपी संजीव सुमन ने शनिवार को समाधान दिवस में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को पारदर्शिता से शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीजी राजीव सभरवाल ने कहा कि मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुनकर समस्या का समाधान करें। जमीन संबंधी और अवैध कब्जे की समस्याओं के मामले में राजस्व विभाग और पुलिस टीम साथ जाएं। एडीजी ने बुढ़ाना कोतवाली का निरीक्षण किया। महिला हेल्प डेस्क और साइबर सेल का भी निरीक्षण किया। कोतवाली के रिकार्ड रूम व पत्रावली का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर सीओ विनय गौतम, उप जिलाधिकारी अरुण कुमार तथा इंस्पेक्टर बृजेश कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।
एडीजी राजीव सभरवाल और एसएसपी संजीव सुमन ने मंसूरपुर कोतवाली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, साइबर सेल, आगंतुक रजिस्टर, मालखाना, थाने की साफ-सफाई आदि का निरीक्षण किया। थाने में आए फरियादियों से भी बात की।