श्रीराम कॉलेज में हुआ मतदाता जागरूकता मंच का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज में जिला प्रशासन और श्रीराम कॉलेज ने संयुक्त रूप से महाविद्यालय के प्रांगण में मतदाता जागरूकता मंच का आयोजन किया। छात्रों को मतदान को लेकर जागरूक किया गया। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम सदर परमानंद झा, बीएसए शुभम शुक्ला और श्री राम कॉलेज की प्राचार्या डॉ प्रेरणा मित्तल रही। एडीएम प्रशासन ने कहा कि दुनिया के अन्य देशों में से 90 प्रतिशत मतदान होता है, लेकिन हमारे यहां बहुत सी जगह 50 से 60 प्रतिशत तक मतदान ही हो पाता है। मतदान दिवस लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण पर्व होता है और सभी की भागीदारी होनी चाहिए।
एसडीएम परमानंद झा ने कहा कि अपना वोट बनवाने के लिए अपने फॉर्म को तहसील, बीएलओ कार्यालय, एसडीएम कार्यालय में जरूरी दस्तावेजों के साथ जमा कराएं। इस अवसर पर ताराचंद वैदिक पुत्री कॉलेज की छात्राएं भी मौजूद रही। छात्राओं ने पोस्टर बनाकर मतदान के लिए जागरूक किया। एनसीसी कैडेट भी मौजूद रहे, जिन्होंने पोस्टर के माध्यम से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अंत में श्रीराम कॉलेज की प्राचार्या डॉ प्रेरणा मित्तल ने सभी अतिथिगण का आभार जताया।