मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज में वार्षिक खेलकूद सप्ताह का शुभारंभ हुआ। पहले दिन क्रिकेट, बैडमिंटन तथा शतरंज की प्रतियोगिताएं र्हुइं।
शतरंज के महिला वर्ग के मुकाबले में बायोसांइस की रश्मि ने बीसीए की हिना सैफी को मात देकर जीत दर्ज की। जबकि पुरुष वर्ग का खिताब श्रीराम पॉलिटेक्निक के कंप्यूटर साइंस के विद्यार्थी हर्ष ने बीटेक इलेक्ट्रिकल के विद्यार्थी पीयूष को रोमांचक मुकाबले में मात देकर अपने नाम किया। वहीं बैडमिंटन की महिला वर्ग की प्रतियोगिता में खिताबी मुकाबला शारीरिक शिक्षा विभाग की हिना परवीन ने कंप्यूटर एप्लीकेशन की प्रिया को 2-1 से पस्त कर अपने नाम किया। क्रिकेट प्रतियोगिता में पहला मैच एमसीए और फार्मेसी की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें फार्मेसी ने पहले खेलते हुए निर्धारित आठ ओवर में 107 रन बनाए थे, जबकि एमसीए रनों का पीछा करते हुये 69 रन ही बना सकी और यह मुकाबला फार्मेसी ने 38 रन से जीतकर अपने नाम किया। दूसरा मैच में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवर में एक विकेट खोकर 103 रन बनाए। रनों का पीछा करते हुए बायो साइंस टीम 61 रन ही बना सकी। 42 रन से जीत दर्ज कर पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने मुकाबला जीत लिया। तीसरे मैच में एमबीए ने पहले खेलते हुए निर्धारित आठ ओवर में सात विकेट खोकर 61 रन बनाते हुए विरोधी टीम को 62 रन बनाने का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कॉमर्स की टीम ने बिना कोई विकेट गवाए आसानी से 62 रन बना मैच अपने नाम किया। संस्था निदेशक डॉ. आदित्य गौतम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल, प्रमोद कुमार, भूपेंद्र कुमार, अमरदीप, संदीप, अनुज आदि उपस्थित रहे।