दो नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों के आरक्षण में नहीं हुआ कोई बदलाव
चार मई को जिले की निकायों में होगा मतदान
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। निकाय चुनाव की रणभेरी बजते ही दावेदारों ने कमर कसनी शुरू कर दी है। आरक्षण में कोई बदलाव नहीं हुआ। जिले में चार मई को मतदान होना है, ऐसे में जनता के पास फैसले के लिए 25 दिन है। दो पालिका और आठ नगर पंचायत के लिए छह लाख 47 हजार 606 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
रविवार को आयोग ने चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया। जिले में पहले चरण में चार मई को मतदान होना है। चुनाव की तैयारी में जुटे दावेदारों ने अपने समर्थकों के साथ रणनीति बनानी शुरू कर दी है। मंगलवार से नामांकन है, लेकिन अभी तक किसी भी राजनीतिक दल ने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। ऐसे में दावेदारों ने सबसे पहले टिकट की जोर आजमाइश शुरू कर दी है। दावेदारों के घरों के बाहर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई है।
भाजपा में एक अनार सौ बीमार
शहर पालिका से लेकर निकायाें तक में भाजपा से टिकट के दावेदारों की सबसे लंबी सूची है। ऐसे में पार्टी के सामने समन्वय बनाए रखना भी चुनौती होगी। नगर पंचायतों में भाजपा से टिकट पाने के लिए चार-चार गुट बन गए हैं, ऐसे में सभी को संतुष्ट करना पार्टी के लिए आसान नहीं रहेगा।
-
जिले के निकाय के लिए आरक्षण
निकाय आरक्षण
मुजफ्फरनगर महिला
खतौली पिछड़ा वर्ग
बुढ़ाना महिला
मीरापुर अनारक्षित
पुरकाजी अनारक्षित
चरथावल अनारक्षित
शाहपुर पिछड़ा वर्ग
जानसठ पिछड़ा वर्ग
भोकरहेड़ी एससी महिला
सिसौली पिछड़ा वर्ग महिला
-
इनसेट
इस बार कहां है कितने वोट
निकाय मतदाता
मुजफ्फरनगर 421419
खतौली 63148
बुढ़ाना 32940
मीरापुर 24187
पुरकाजी 22570
चरथावल 18553
शाहपुर 18899
जानसठ 17819
भोकरहेड़ी 15333
सिसौली 12738
-
शहर में कौन मारेगा बाजी
शहर पालिका सीट पर टिकट के लिए पुराने दिग्गज दांव खेल रहे हैं। दूसरे राजनीतिक दलों से भाजपा में आए कई चेहरे सबसे बड़े दावेदार है। ऐसे में पुराने कार्यकर्ता संघ में हाईकमान से भी संपर्क बनाए हुए है। देखने वाली बात यह होगी कि शहर सीट पर भाजपा किसे चेहरा बनाकर चुनाव लड़ती है।
आचार संहिता लगते ही हरकत में पुलिस
आचार संहिता लगते ही पुलिस हरकत में आ गई है। नगर पंचायतों में घूमकर पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया। कई जगह से पोस्टर उतारने का काम भी किया गया है। मंगलवार से जिले में पोस्टर, होर्डिंग उतारने का अभियान चलाया जाएगा।
-
गठबंधन के दांव पर रहेगी नजर
सपा-रालोद गठबंधन ने निकाय चुनाव सिंबल पर लड़ने का एलान किया है। ऐसे में किस निकाय में कौन प्रत्याशी उतारे जाते हैं, इस पर सबकी नजर टिकी हुई है। शहर पालिका और खतौली में गठबंधन जातीय समीकरण साधकर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में जुटा हुआ है।
इस तरह होंगे निकाय चुनाव
तिथि कार्यक्रम
नामांकन 11 से 17 अप्रैल
नामांकन वापसी 20 अप्रैल
चुनाव चिन्ह आवंटन 21 अप्रैल
मतदान 04 मई
मतगणना 13 मई