उन्नाव के ध्यानार्थ
हत्या के मामले में दो दिसंबर 2022 को कोर्ट ने राजू को उम्र कैद की सजा सुनाई थी
पैराकार नहीं होेने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने की पैरवी, हाईकोर्ट से जमानत दिलवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अदालती कार्रवाई कर 14 साल पहले बिछड़े व्यक्ति को उसके परिजनों से मिलवा दिया। इतना ही नहीं, हत्या जैसे जघन्य अपराध में हाईकोर्ट में पैरवी कर उसे जमानत भी दिलवाई।
जिला उन्नाव के थाना मोरावा के गांव वरौला निवासी राजू कोरी वर्ष 2009 में घर छोड़कर काम की तलाश में तितावी गांव में श्रीपाल के यहां नौकरी करने लगा था। एक फरवरी 2012 में कांधला थाना क्षेत्र के एलम गांव में रघुनाथ की बलकटी से काटकर हत्या करने का आरोप राजू पर लगा था। ग्रामीणों ने राजू को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। दो दिसंबर 2022 को कोर्ट ने राजू को उम्र कैद की सजा सुनाई थी। वह 2012 से जेल में बंद था।
उसकी कोई पैरोकारी नहीं कर रहा था। इस बारे में पता चलने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विधिक सेल के चीफ काउंसलर राजीव त्यागी ने पूरे मामले की जानकारी कर राजू के परिजनों से सम्पर्क किया। बताया गया कि राजू 14 साल से गायब है। काफी तलाशने पर भी वह नहीं मिला था। इसके बाद उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से बंदियों के लिए मदद वाली प्रक्रिया शुरू की और हाईकोर्ट में जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दायर किया।
चीफ काउंसलर राजीव त्यागी ने बताया कि हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर उसे रिहा कर दिया गया। राजू से मिलकर परिजन मां गंगा आदि बेहद खुश है।
जान से मारने की धमकी देने का आरोप
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला रहमानिया फात्मा मस्जिद निवासी नसरीन ने शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया कि भोपा थानाक्षेत्र के खेड़ी गांव निवासी रिश्तेदार जान मोहम्मद सउदी अरब में नौकरी करता है। उसके बातचीत में कहा कि वह उनके बेटे साहिल को आजाद वीजा पर सउदी अरब में नौकरी के लिए भिजवा देगा। इसमें दो लाख रुपये खर्च होंगे। वर्ष 2022 में जान मोहम्मद को डेढ़ लाख रुपये दे दिए। सउदी अरब जाकर उनके बेटे को पता चला कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। जान मोहम्मद वर्तमान में सउदी अरब से घर आया हुआ है। पीड़िता जब जान मोहम्मद और उसकी पत्नी से मोबाइल पर बात करती है तो उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज
पुरकाजी। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी सतपाल ने पड़ोसी की बेटी के साथ दुष्कर्म कर वीडियो बनाई थी। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीडि़ता के साथ दो साल तक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पीडि़ता को मेडिकल के लिए भेजा हैं।