आज देवबंद आएंगे रेलमंत्री, अलर्ट मोड़ में प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के सोमवार (आज) देवबंद आगमन को लेकर जहां प्रशासन अलर्ट मोड़ में है। वहीं, रेलवे विभाग के अधिकारी भी रविवार को कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा रहा। स्टेशन पर साफ-सफाई युद्ध स्तर पर की जा रही है। पहले से चल रहे निर्माण कार्यों में और तेजी आई है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव स्पेशल ट्रेन द्वारा सोमवार की सुबह 8.30 बजे देवबंद रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे। यहां करीब 15 मिनट का निरीक्षण करने के बाद श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर पहुंचेंगे। जहां वे मां भगवती के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके बाद पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में विधानसभा संचालन समिति की बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे। देवबंद में वह पांच घंटे रहेंगे। वहीं, रेलमंत्री के दौरे के मद्देनजर रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सिंह सैनी समेत अन्य पदाधिकारियों ने रेलवे स्टेशन और मां बाला सुंदरी देवी मंदिर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। हालांकि स्टेशन पर पिछले एक वर्ष से निर्माण कार्य चल रहा है लेकिन पिछले कुछ दिनों कार्य ने जबरदस्त तेजी आई है। नगरपालिका ने दिनभर सड़कों के गड्ढों को भरने का कार्य किया।
संगम एक्सप्रेस चलाने व देहरा-बांद्रा ट्रेन के स्टापेज की मांग
देवबंद। अधिवक्ता मनोज सिंघल तथा उत्तर प्रदेश सिख फोरम के महामंत्री गुरजोत सिंह सेठी ने रेलमंत्री से संगम एक्सप्रेस का संचालन शीघ्र शुरू कराने के साथ ही देहरादून-बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन का देवबंद में स्टापेज कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि देहरा-बांद्रा का संचालन कोरोना काल के बाद शुरू हो गया था, लेकिन उसका स्टापेज देवबंद में नहीं किया गया। जिस कारण यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।