अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। चीन के हांगझोऊ में शुरू हुए 19वें एशियाई खेलों में काकड़ा के दिलेर खिलाड़ी पुनीत कुमार ने नौकायन की टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। कामयाब पर गांव में जश्न का माहौल है।
किसान पिता कहते हैं कि चांदी जीत ली है, अब बेटे से स्वर्ण की उम्मीद है। बुढ़ाना मार्ग पर बसे काकड़ा गांव की पहचान कबड्डी खिलाड़ियों के दम पर है, लेकिन अब इसी गांव के रोइंग खिलाड़ी पुनीत कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर दिखाया है। किसान जितेंद्र कुमार के बेटे ने नौकायान की टीम स्पर्धा पुरुष-8 में रजत पदक जीतने में कामयाबी हासिल की। सोमवार को भी पुनीत दूसरी स्पर्धा में भाग लेगा। गृहिणी माता सुमन देवी का कहना है कि इस बार स्वर्ण की उम्मीद है, पुनीत ने अच्छी तैयार की है। पिता ने बताया कि पुनीत 2013 में सेना में हवलदार के पद पर भर्ती हुआ था। सेना की ओर से खेलने का मौका मिला, इसके बाद उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक पदक जीते। एक बहन पूजा की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बहन आरती अविवाहित है।
पिछले साल एशियन चैंपियनशिप में जीता था कांस्य
पिछले साल पुनीत ने थाईलैंड में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर कांस्य पदक हासिल किया था। पुनीत अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आठ पदक जीत चुका है। पुनीत ने जैसे ही चीन में पदक जीता, लोग उनके आवास पर बधाई देने पहुंचे। ग्रामीणों ने नौकायन खिलाड़ी के प्रदर्शन की सराहना की।