- दिल्ली में एयरपोर्ट पर संगठन के सचिव युद्धवीर सिंह को रोके जाने का मामला
फोटो समेत
संवाद न्यूज एजेंसी
छपार/रोहाना कलां। दिल्ली में एयरपोर्ट पर भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह को रोके जाने के बाद कार्यकर्ता छपार और रोहाना कलां टोल पर पहुंच गए। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार की मंशा ठीक नहीं है। बार-बार किसी न किसी बहाने से किसानों को परेशान करने का काम किया जा रहा है। भूमि अधिग्रहण बिल, एमएसपी समेत अन्य मुद्दों पर किसान आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। सरकार किसानों से संवाद नहीं कर रही है।
मंगलवार देर रात युद्धवीर सिंह भाकियू के प्रतिनिधिमंडल के साथ कोलंबिया जाने के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। दिल्ली आंदोलन में मुकदमा दर्ज होने के कारण उन्हें रोक लिया गया। इसके बाद सुबह तक पुलिस ने उन्हें बैठाए रखा। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने फेसबुक पेज के माध्यम से कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह अपने-अपने क्षेत्र के टोल प्लाजा पर पहुंच जाएं और धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांग रखें। इसके बाद छपार और रोहाना टोल प्लाजा पर कार्यकर्ता एकत्र हो गए। यहां दोनों टोल फ्री करा दिए गए। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया गया। इसके बाद युद्धवीर सिंह को छोड़े जाने की जानकारी मिलने पर कार्यकर्ता अपने-अपने घर लौट गए।
छपार में मंडल महासचिव नवीन राठी, ब्लाॅक अध्यक्ष मोनू प्रधान, कय्यूम अंसारी, मोहम्मद फरमान, मास्टर ओमपाल त्यागी, शशि गुर्जर, तोसीन, शहजाद त्यागी, नीटू प्रधान, शमशाद, मुसर्रफ त्यागी, दीपक गुर्जर, सोनू, बबलू त्यागी मौजूद रहे। उधर, रोहाना में धरने पर संजीव भारद्वाज, दीपक बाबा, अमित त्यागी, गुलबहार, कुलदीप शामिल रहे।
सरकार किसानों को दबाना चाहती है : टिकैत
भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार ने मुकदमे वापसी की बात कही थी, लेकिन दोबारा से किसानों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। सरकार की मंशा ठीक नहीं है। सरकार किसानों को दबाना चाहती है। नोटिस भेजे जा रहे हैं। एमएसपी कानून, भूमि अधिग्रहण बिल समेत अन्य मुद्दों को सुलझाना बाकी है। सरकार किसानों से बातचीत नहीं कर रही है। भूमि अधिग्रहण के मुद्दों पर आंदोलन किया जाएगा। सरकार किसानों को एयरपोर्ट पर रोक रही है।