मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में एपीडा के सचिव डॉ सुधांशु और उनके अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक की। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में निर्यात की फसलों पर चर्चा कर संभावनाओं को तलाशा। बैठक में फल, फूल, सब्जियों के निर्यात पर विचार विमर्श किया गया।
बैठक में आम व केले की खेती को बढ़ावा दिए जाने और उचित मूल्य के लिए मुजफ्फरनगर, मेरठ, बुलंदशहर, शामली, बिजनौर, हापुड में पैक हाउस बनाने, गुड़ से बने उत्पादों की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में ब्रांडिंग करने, आगरा व मथुरा के बीच आलू की प्रोसेसिंग यूनिट बनाए जाने, फूलो की खेती को बढ़ावा दिए जाने को नोएडा की फूल मंडी को कलेक्शन सेंटर बनाने आदि विषयो पर सहमति बनी। किसानों को जागरूक करने के लिए भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक और एपिडा मिलकर जनपदों में गोष्ठी आयोजित करेंगे। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर जनपद में जल्द ही एपीडा के सहयोग से किसान, एक्सपोर्टर मीट का आयोजन भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की ओर से आयोजित किया जाएगा।
बैठक में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के चेयरमैन बाबा राजेंद्र मलिक, राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मांगेराम त्यागी, विभोर शर्मा अध्यक्ष राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, राजकुमार तोमर जिलाध्यक्ष मथुरा, दुष्यंत मलिक जिलाध्यक्ष शामली, दिनेश शर्मा, अशोक बालियान अध्यक्ष पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन, एससी कुलश्रेष्ठ अध्यक्ष पॉली हाउस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, सुनील दायमा, गौरव मलिक, अंकित बालियान, काका गुर्जर, कारी अब्दुल्ला त्यागी मौजूद रहे।