लोकवाणी के सभागार में प्रशासन ने किसान संगठनों से की बात
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण होगा। किसानों ने उनके सामने बिजली, नदियों के दूषित जल और आवारा पशुओं की समस्या को उठाया और निराकरण की मांग की।
डीएम ने किसान संगठनों के पदाधिकारियों एवं कृषकों के साथ लोकवाणी सभागार में बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना। किसानों ने विद्युत निगम की ओर से बिना किसी पूर्व सूचना के नलकूप पर मीटर लगाने, चकबन्दी, जनपद की औद्योगिक ईकाइयों द्वारा छोडे़ जा रहे दूषित जल से काली एवं हिंडन नदी के पानी से फैल रही बीमारियों के संबंध में शिकायत की। सामुदायिक चिकित्सालयों में डॉक्टर की अनुपस्थिति एवं दवाइयों की कमी को उठाया। वृद्धावस्था पेंशन, गन्ना मूल्य एवं निराश्रित पशुओं जैसी समस्याओं को रखा।
डीएम ने कहा कि शासन केवल विद्युत खपत देखने के लिए मीटर लगा रहा है, इसके आधार पर बिल नहीं आएगा। किसानों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति की योजना है। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को निर्देशित किया कि स्वयं अपनी टीम के साथ मौके पर किसानों की समस्या सुने और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए किसानों के लंबित प्रकरणों को तत्काल समाप्त कराएं।
उन्होंने बताया कि जनपद की औद्योगिक इकाइयों की लगातार प्रदूषण विभाग द्वारा जांच कराई जा रही है। सीएचसी और पीएचसी पर दवा और चिकित्सक हर समय मिलेंगे, वह स्वयं इसके लिए निरीक्षण करेंगे। निराश्रित पशुओं को गोशाला में आश्रय दिए जाने सहित अन्य विषयों पर कार्रवाई किये जाने के संबंध में भी निर्देशित किया।
बैठक में किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष दीपक सोम ने प्रशासन के आश्वासन पर पंचायत स्थगित करने की घोषणा की। बैठक में विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। एडीएम वित्त अरविन्द कुमार मिश्र, एडीएम प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अनुप कुमार, सीएमओ, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, पीडब्लूडी, सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।