रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) में तैनात पति से चल रहा विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। जनता दल के पूर्व विधायक महावीर आजाद की बेटी नेहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की तैयारी है। नेहा के पति इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। राजेश आगरा में रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) में तैनात है। सिविल जज सीनियर डिवीजन मयंक जायसवाल ने थाना सिविल लाइन पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
विधायक की बेटी के पति ने 50 लाख रुपये मांग समेत अन्य कई गंभीर आरोप लगाए हैं। नेहा सिंह का विवाह 16 जून 2020 को आगरा निवासी राजेश कुमार से हुआ था। कुछ दिन बाद दोनों पक्षों में मनमुटाव रहने लगा। नेहा ने अपने पति सहित पांच ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज कराया था। यह मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बाद राजेश कुमार ने अपनी पत्नी के खिलाफ थाने में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। अब उन्होंने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। अदालत ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।