20 सितंबर से 10 अक्तूबर तक अग्निवीर की भर्ती का आयोजन होगा।
07 से आठ हजार युवाओं के रोजाना रहने का प्रशासन का अनुमान
03 मैदानों का किया जाएगा प्रयोग चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम सहित
- डीएम चंद्रभूषण सिंह ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की
फोटो समेत
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। पुलिस और प्रशासन ने 20 सितंबर से 10 अक्तूबर तक होने वाली अग्निवीर भर्ती के लिए तैयारी शुरू कर दी है। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि अग्निवीर भर्ती में पुलिस-प्रशासन की चौक-चौबंद व्यवस्था रहेगी। भर्ती के दौरान शहर में सात से आठ हजार युवाओं के रोजाना रहने का अनुमान है। प्रत्येक शिफ्ट में मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।
शुक्रवार का कलक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर बैठक हुई। सेना के एआरओ मेरठ छावनी सोमेश जैसवाल ने बताया कि 20 सितंबर से 10 अक्तूबर तक अग्निवीर की भर्ती का आयोजन होगा। इस भर्ती में 13 जनपदों के लाखों युवा प्रतिभाग करेंगे। चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, नुमाइश ग्राउंड और जीआईसी ग्राउंड का प्रयोग किया जाएगा। सेना एवं प्रशासनिक तैयारियों का रूट मैप तैयार कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कहा कि अभ्यर्थियों के रुकने के लिए धर्मशाला, बैंक्वेट हॉल की व्यवस्था कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से भर्ती में आने वाले युवाओं के भोजन-पानी की व्यवस्था होगी।
मेडिकल के रहेंगे खास इंतजाम
स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर प्रतीक्षारत युवाओं के लिए मेडिकल कैंप की भी व्यवस्था की जाएगी। कोरोना संक्रमण का प्रभाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए भर्ती क्षेत्र में प्रतिदिन फॉगिग एवं सैनेटाइजेशन कराया जाना चाहिए।
दुरुस्त होगी सफाई, परिवहन के होंगे इंतजाम
डीएम ने विद्युत निगम को प्रकाश व्यवस्था, नगर पालिका को भर्ती परिसर में साफ-सफाई रखने एवं समय समय पर कूड़ा उठाने के निर्देश दिए। कहा कि अग्निशमन विभाग किसी भी आपातकाल स्थिति के लिए तैयार रहें। उन्होंने पुलिस बल की अतिरिक्त व्यवस्था और परिवहन विभाग को भर्ती रैली में शामिल होने वाले ग्रामीण क्षेत्रों एवं अन्य जनपद सेे युवाओं को लाने और ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
सलाखों के पीछे भेजे जाएंगे दलाल
भर्ती के दौरान शरारती तत्वों पर विशेष निगाह रखी जाएगी। अभ्यर्थियों को बिचौलियों और किसी भी प्रकार के दलालों से सावधान किया गया है। अगर कोई कसी भी प्रकार के पैसे की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस मुकदमा दर्ज करेगी।
इन जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती
डीएम ने बताया कि अग्निवीर भर्ती के लिए मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, बागपत, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर, सहारनपुर और शामली के अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।
ये अधिकारी रहे मौजूद
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, एसपी क्राइम प्रशांत कुमार, एसपी ट्रैफिक कुलदीप कुमार मौजूद रहे।