- सड़क के चौड़ीकरण से रास्ते में आए 257 पोल हटाए जाएंगे
- शिफ्टिंग में 24637 मीटर बिजली के तार बदले जाएंगे
- राज्य सरकार ने इस कार्य के लिए 4.75 करोड़ मंजूर किए
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड के चौड़ीकरण के चलते रास्ते में आने वाली बिजली की लाइन, पोल, ट्रांसफार्मर हटाए जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने 4.75 करोड़ स्वीकृत किए हैं। 24 हजार 637 मीटर बिजली के तार बदले जाएंगे।
प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने जानसठ पुल से लेकर बाईपास तक के जानसठ रोड का चौड़ीकरण और निर्माण स्वीकृत कराया है। इस मार्ग पर बीच में आने वाली बिजली की लाइन और पेड़ हटाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग इस मार्ग का निर्माण कर रहा है। लोनिवि के कहने पर बिजली विभाग ने लाइन को शिफ्ट करने का इस्टीमेट बनाकर दिया। सड़क के निर्माण में चार करोड़ 75 लाख की बिजली के तारों, खंभों और ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने की लागत बढ़ गई है।
अधिशासी अभियंता नगर डीके शर्मा ने बताया कि जानसठ रोड से 24 हजार 637 मीटर बिजली के तार हटाए जाएंगे। इस बीच आठ स्थानों पर रखे गए ट्रांसफार्मर भी हटाए जाएंगे। पूरे मार्ग पर बिजली के 259 पोल है, जो हटाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लोनिवि ने बिजली की लाइन शिफ्टिंग का ठेका एक अन्य कंपनी को दिया है। यह कंपनी इस कार्य को कर रही है। अब तक 60 प्रतिशत कार्य हो चुका है।
बिजली की आपूर्ति बंद नहीं कर सकते
अधिशासी अभियंता डीके शर्म का कहना है कि कार्यदायी संस्था 24 घंटे लाइन बंद करने की बात कह रही है। यह संभव नहीं है। आपूर्ति बाधित होने से परेशानी होगी। अब धीरे-धीरे शिफ्टिंग का कार्य हो रहा है।