मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सदस्य, तीन गांव के प्रधान, दो क्षेत्र पंचायत सदस्य और 20 ग्राम पंचायत सदस्य के उपचुनाव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। सोमवार को मतदान केंद्रों के लिए संबंधित ब्लॉक से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। मतदान छह अगस्त को सुबह सात बजे से होगा।
जिले के खतौली, बघरा, चरथावल, जानसठ, शाहपुर और सदर ब्लॉक क्षेत्र में उपचुनाव छह अगस्त को कराए जाने हैं। जिला पंचायत के वार्ड 17 के लिए 33 बूथ बनाए गए हैं। क्षेत्र के गांव बरवाला, सांझक, हरसौली, तावली निरमाना-निरमानी और नरोत्तमपुर माजरा के करीब 39 हजार मतदाता जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान करेंगे। प्रत्याशियों ने चुनाव के लिए ताकत झोंक दी है। गांव-गांव अपने समर्थकों से जनसंपर्क किया गया।
प्रधान पद के लिए खतौली तहसील क्षेत्र के गंगधाड़ी और तुलसीपुर में मतदान होगा। यहां पर प्रत्याशियों ने प्रचार के आखिरी दिन पूरी ताकत लगाई। इसके अलावा सदर ब्लॉक के रई गांव में भी मतदान कराया जाना है।