शाहपुर। गांव काकड़ा निवासी एक व्यक्ति ने आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध मारपीट व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाया है। कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिवार ने घर के बाहर पलायन करने संबंधी बोर्ड लगा दिया। पुलिस ने छह दिन बाद अब घटना का मुकदमा किया। क्षेत्र के गांव काकड़ा निवासी हरेंद्र ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया कि 22 दिसंबर को भूपेंद्र ने उसे गांव के कब्रिस्तान पर बुलाया। आरोप है कि बुलाकर भूपेंद्र ने अपने साथी मोनू, दीपक, मुकुल, ऋतिक व विपिन व अन्य के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। शोर सुनकर गांव का सोनू मौके पर आ गया। आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। उसे भी जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। आरोप है कि मारपीट के दौरान सोनू की जेब से करीब चार हजार रुपये भी निकल गए। उधर, पिछले छह दिन में शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होते देखकर पीड़ित परिवार ने अपने घर के बाहर पलायन करने का बोर्ड लगा दिया था। इसी के चलते पुलिस ने आनन फानन में मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की गई है। संवादो