मीरापुर। सहारनपुर में सम्राट मिहिर भोज की यात्रा के प्रकरण में करणी सेना ने अपने समाज के लोगों से सहारनपुर पहुंचकर इस यात्रा का विरोध करने का ऐलान किया था।
सोमवार सुबह मुजफ्फरनगर पुलिस प्रशासन को सूचना मिली कि करणी सेना के सदस्य बिजनौर से सहारनपुर जाने के लिए निकले हुए हैं। सूचना मिलते ही मुजफ्फरनगर पुलिस सतर्क हो गई और सीओ जानसठ शकील अहमद कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मुजफ्फरनगर व बिजनौर की गंगा बैराज पर स्थित सीमा पर जा पहुंचे। वाहनों को रुकवा कर उनकी सघन चेकिंग करानी शुरू कर दी। कई घंटो तक यह चेकिंग का सिलसिला जारी रहा।
बाद में सूचना मिली कि करणी सेना को बिजनौर पुलिस प्रशासन ने वहीं पर रोक दिया और आगे नहीं बढ़ने दिया गया। यह सूचना मिलने पर मुजफ्फरनगर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। घंटों तक गंगा बैराज पर तैनात रहने के बाद सीओ जानसठ शकील अहमद पुलिस बल के साथ लौट गए।