भौराकलां। कंवरपाल हत्याकांड के आरोपी दोनों बेटों का पुलिस ने कस्टडी रिमांड लेकर फावड़ा और डंडा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गांव हड़ौली निवासी कंवरपाल सिंह (70) संदिग्ध परिस्थितियों में 28 जून को घर से लापता हो गया था। कंवरपाल सिंह के बेटे ने एक अगस्त को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। साथ ही अपने पारिवारिक चाचा और उसके परिवार के कई लोगों पर शक जताया था। थाना पुलिस ने जांच की तो उसके दोनों बेटे उपेंद्र व विकास ही शक के दायरे में आ गए। थाने बुलाकर पूछताछ की तो दोनों ने सच उगल दिया। उपेंद्र और विकास ने बताया था कि रंजिश के कारण पारिवारिक चाचा और उसके परिवार को फंसाने के उद्देश्य से पिता कंवर पाल सिंह की हत्या कर शव को अपने खेत में दबा दिया था। थाना प्रभारी नवीन भाटी ने बताया कि कंवरपाल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के कारण मृत्यु होना पाया गया। दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनकी निशानदेही पर पिता की हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा और ठंडा बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।