संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। पिता की हत्या कर भागे आरोपी बेटे की तलाश में फुगाना पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका।
फुगाना क्षेत्र के गांव हाथी करौदा में रहने वाले शिवराज का इकलौते बेटे सूरज के साथ हाईवे में जमीन जाने के बाद मिले मुआवजे की रकम को लेकर विवाद चल रहा था। सूरज अपने पिता से रुपये मांगता था, लेकिन शिवराज उसे रुपये नहीं देता था। सोमवार रात दोनों में इसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद सूरज ने घर में मौजूद अपनी नाबालिग बहन को कमरे में बंद कर अपने पिता को गोली मार कर हत्या कर दी। इसके बाद फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई मनोज की तहरीर पर आरोपी सूरज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस जांच पड़ताल में आया कि शिवराज ने दो शादी की थी। पहले पत्नी छोड़ कर चली गई थी। दूसरी की मौत हो गई है। पहली पत्नी से बेटा सूरज है और दूसरी पत्नी की बेटी है। हाईवे में जमीन जाने के बाद मिले लाखों रुपये से शिवराज ने अपने छोटे भाई मनोज के नाम कई बीघा जमीन खरीदी थी। बाप-बेटे में इस बात को लेकर भी विवाद रहता था। पुलिस ने इस तथ्य को भी जांच में शामिल किया है। सीओ फुगाना यतेंद्र नागर ने बताया कि आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमों ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी नहीं मिला।