बिजनौर और सहारनपुर में कार्रवाई के बाद जिले में भी पुलिस ने अभियान शुरू किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नगर में चलाए जा रहे स्पा सेंटर की जांच पड़ताल का पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर पहुंच कर जांच की और कागजात देखें। स्पा सेंटर संचालिका को चेतावनी भी दी गई है।
बिजनौर और सहारनपुर में चलाए जा रहे स्पा सेंटरों पर कार्रवाई के बाद अब जनपद में भी जांच शुरू कर दी गई है। बृहस्पतिवार को थाना सिविल लाइन प्रभारी अजय श्रोत्रिय टीम के साथ महावीर चौक के पास एक मार्केट में चलाए जा रहे स्पा सेंटर पर पहुंचे। पुलिस को वहां पर युवतियां और संचालिका ही मिली। कोई पुरुष नहीं मिला। पुलिस ने कागजात भी देखे। रजिस्टर व आइडी भी देखी।
थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल कोई गलत कार्य नहीं मिला है। फिर भी संचालिका को गलत गतिविधि पाई जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। बताया गया कि शहर कोतवाली क्षेत्र में एक, सिविल लाइन एक व नई मंडी क्षेत्र में दो स्पा सेंटर चलाए जा रहे है। उधर, सहायक पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि स्पा सेंटरों पर गलत गतिविधि की सूचना मिल रही थी। इसलिए इनकी जांच पड़ताल कराई जा रही है। कुछ भी गलत मिला तो अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।