संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। फुगाना पुलिस की कार्यशैली से नाराज लुहसाना गांव के एक परिवार ने गांव छोड़ने की धमकी दी थी। बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी के समझाने पर पीडि़त परिवार ने गांव छोड़ने का फैसला बदल लिया है। लेकिन कार्रवाई न होने पर गांव छोड़ने की चेतावनी भी दी है।
बुढ़ाना क्षेत्र के गांव लहुसाना निवासी ग्रामीण 15 जून को परिवार के साथ फुगाना थाना क्षेत्र के गांव खरड़ मेले में माता के मंदिर में पूजा के लिए गया था। आराेप है कि वहां पत्नी के साथ अभद्रता का विरोध करने पर गांव के ही युवकों ने उनके साथ मारपीट की थी। फुगाना थाना में सात लोगो के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीडि़त परिवार ने सोमवार शाम गांव छोड़ने की चेतावनी दी थी। अपने घर पर यह मकान बिकाऊ है भी लिखवा दिया था।
सोमवार को पीड़ित परिवार के आवास पर सैनी समाज के लोगों के साथ इंस्पेक्टर बुढ़ाना वार्ता की। इंस्पेक्टर ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने गांव छोड़ने का विचार फिलहाल त्याग दिया हैं। मगर चेतावनी दी कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर वह गांव छोड़ देंगे। इस दौरान पूर्व प्रधान दयाचन्द सैनी, जोगिन्द्र सैनी, मदन सैनी, धर्मसिंह सैनी, भंवर सिंह सैनी, सोनू व जितिन प्रसाद आदि मौजूद रहे।