बैरियर पर 24 घंटे रोके जाने के बाद दूसरी बस से जम्मू से कटरा जाते चरथावल के तीर्थयात्री
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में गड़बड़ी के चलते जम्मू में फंस गए थे तीर्थयात्री
- सांबा जिले में चेकिंग के दौरान बस सहित यात्रियों को 24 घंटे से ज्यादा रोके रखा
फोटो समेत
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर/चरथावल। जिले से दो बसों में सवार होकर 69 अमरनाथ यात्रियों को जम्मू के सांबा जिले में परेशानी झेलनी पड़ी है। यात्रा के पंजीकरण में गड़बड़ी के कारण यात्रियों को शिवखोड़ी जाते वक्त सांबा जिले के चेकिंग प्वाइंट पर रोक दिया गया। इन यात्रियों में चरथावल कस्बे से एक बस में 27 तीर्थ यात्रियों का जत्था भी शामिल है। नए पंजीकरण के बाद अब यह यात्री सांबा से कटरा के लिए निकल गए हैं।
तीन दिन पहले 27 जून को चरथावल और मुजफ्फरनगर से दो बसें अमरनाथ यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। 28 जून को चरथावल के तीर्थ यात्रियों ने अमृतसर का भ्रमण किया। उसके बाद जम्मू से आगे शिवखोड़ी दर्शन को जाते वक्त चेक पोस्ट पर चेक किया गया। चरथावल में यात्रियों के परिजन मनीष गर्ग और मनोज वर्मा ने बताया के एक सदस्य के पूरी यात्रा रजिस्ट्रेशन सहित 6800 रुपये तय किए गए थे। लेकिन ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में फर्जीवाड़े के कारण सांबा के पास बैरियर पर चेक किया गया। 27 में से सिर्फ तीन रजिस्ट्रेशन सही पाए गए। बाकी यात्रियों के नाम एडिट कर दूसरे नाम अंकित थे। यही मुजफ्फरनगर की दूसरी बस में हुआ। उन्हें वही रोक लिया गया। उन्हें खामियों को दूर कराने के लिए 24 घंटे से ज्यादा समय बॉर्डर पर बिताना पड़ा। परिजनों द्वारा मामले में की जानकारी यहां केंद्रीय राजमंत्री संजीव बालियान को दी गई।
उन्होंने एडीजी एवं सांबा के पुलिस उपायुक्त से बातचीत की। इसके बाद काफी जद्दोजहद के बाद तीर्थयात्रियों के नए रजिस्ट्रेशन हो पाए। उनका अमरनाथ यात्रा के लिए चार दिन बाद मेडिकल परीक्षण होगा। उसके बाद यात्रा पर जाने की अनुमति मिल पाएगी। कस्बे के व्यापारी नीरज गर्ग, युवराज वर्मा, निधीश गर्ग, संजय शर्मा, मदन लाल, वंशू गर्ग, नितिन नामदेव आदि 27 यात्री गए हुए है। उनके साथ अलग अलग परिवारों की पांच महिलाएं भी शामिल है। उनका कहना है बैरियर से 24 घंटे से ज्यादा मशक्कत के बाद नया रजिस्ट्रेशन हुआ है।