संवाद न्यूज एजेंसी
मंसूरपुर। बुधवार को नेशनल हाईवे पर मंसूरपुर तिराहे पर एक ट्रक ने गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। इसमें ट्रैक्टर पर बैठे 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा लिखकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मंसूरपुर क्षेत्र के गांव सोंहजनी तगान निवासी संजय ने मंसूरपुर थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसका भाई मनोज पुत्र धन प्रकाश बेगराजपुर की एक केमिकल फैक्टरी में कार्य करता था। बुधवार की रात वह वापस आ रहा था। घासीपुरा से वह एक गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठ लिया। मंसूरपुर तिराहे के पास मुजफ्फरनगर की ओर से बजरी से भरे हुए ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर पर बैठे उसके भाई मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा लिख कर कार्रवाई शुरू कर दी है।