शनिवार की रात शहर अंधेरे में डूबा रहा, पेयजल का संकट भी रहा
लोगों ने जनरेटर किराए पर लेकर पानी भरा और कुछ ने हैंडपंप का सहारा लिया
पालिका ने भी कॉलोनियों में टैंकर भेजकर जल की आपूर्ति की
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। विद्युत कर्मियों की हड़ताल से शनिवार की रात शहर अंधेरे में डूबा रहा। अधिकतर कॉलोनियों में बिजली और पानी का संकट खड़ा हो गया। लोगों ने जनरेटर किराए पर लेकर पानी भरा और कुछ ने हैंडपंप का सहारा लिया। पालिका ने भी कॉलोनियों में टैंकर भेजकर जल की आपूर्ति की।
विद्युत कर्मियों की हड़ताल से आम जन मानस के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई। शनिवार रात में महावीर चौक बिजली घर को छोड़कर पूरा शहर अंधेरे में डूबा रहा। हालात यह हो गए कि परेशान लोग रात में सड़कों पर आ गए। शहर में कई स्थानों पर जमा लगा दिया। पुलिस और प्रशासन व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। किसी तरह रात गुजरी तो रविवार की सुबह के समय पानी खत्म होने से परेशानियां हुई।
कॉलोनियों में जनरेटर किराए पर लेकर लोगो को पानी भरना पड़ा। जनरेटर मालिकों ने भी मनचाहा किराया वसूला। जिन कालोनियों में अधिक दिक्कत थी, उनमें पालिका ने पीने के पानी के टैंकर भिजवाए। पालिका के ट्यूबवेल पर जेनरेटर से आपूर्ति की गई। इससे बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिली।
एक-दूसरे के घर पहुंचकर किया स्नान, लाए पानी
विद्युत आपूर्ति बाधित होने के बाद शहर में लोग एक दूसरे को फोन कर पूछते रहे कि आपकी काॅलोनी की क्या स्थिति है। महावीर चौक बिजली घर की आपूर्ति सुचारू होने के कारण इस बिजली घर से जुड़े लोगों के घर जाकर परिचितों ने स्नान किया।