क्वारंटीन केंद्र में रखे लोगों ने किया हंगामा
मुजफ्फरनगर, मीरापुर। लॉकडाउन में फंसे 40 लोगों को अपने घरों में वापस जाना महंगा पड़ गया। बताया गया कि चंडीगढ़ व जालंधर में काम करने वाले लगभग 40 मजदूर एक सप्ताह पूर्व गोरखपुर के रवाना हुए थे। जब ये लोग बैराज चौकी के निकट पहुुंचे तो इन सभी को पुलिस ने रोक लिया तथा डाक्टरी परीक्षण के लिए बीआईटी मेडिकल कालेज में भेज दिया। यहां सभी को 14 दिनों के क्वारंटीन कर दिया गया। सवेरा होने पर सभी लोगों ने हंगामा कर दिया कि उन्हें अपने घर वापस जाना है। हंगामा बढ़ता देख उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया। सूचना पाकर एसपी देहात नेपाल सिंह, सीओ जानसठ शकील अहमद मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। एसपी देहात ने सभी लोगों को आश्वासन दिया कि 14 दिन की अवधि पूरी हो जाने के बाद वाहन की व्यवस्था कर उन्हें उनके घर भेज दिया जाएगा।