पालिका सीमा विस्तार को मंजूरी नहीं मिलने से लोग मायूस
देवबंद। नगरपालिका परिषद देवबंद के सीमा विस्तार को कैबिनेट की मंजूरी नहीं मिलने से नगरवासी मायूस हैं। इस पर भाजपा की पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने कहा कि वह सीमा विस्तार के संबंध में जल्द मुख्यमंत्री से मिलेंगी।
मंत्री परिषद की बैठक में नवसृजित नगर पंचायत छुटमलपुर के 15 वार्डों के गठन के साथ ही सरसावा नगरपालिका और रामपुर मनिहारान नगर पंचायत के सीमा विस्तार के प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया गया। जबकि शासन को रिपोर्ट भेजने के बाद भी नगरपालिका परिषद के विस्तार को कैबिनेट द्वारा मंजूरी नहीं मिली है। इससे नगर के लोगों में मायूसी देखने को मिली। नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज सिंघल, भारत विकास परिषद के संस्थापक अध्यक्ष विवेक तायल, भाजपा के पूर्व नगर महामंत्री बिजेंद्र गुप्ता, भाजपा जिला शोध प्रमुख शुभलेश शर्मा, अधिवक्ता एवं व्यापारी नेता मनोज सिंघल, नामित सभासद गजराज सिंह राणा आदि ने बताया कि पिछले एक दशक के भीतर नगर में कई नई कालोनियां बस गईं हैं। लेकिन नगरपालिका परिषद का सीमा विस्तार नहीं होने से उन कालोनियों के लोगों को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। जबकि इस संबंध में पूर्व में शासन को रिपोर्ट भेजी गई थी।
पूर्व विधायक शशीबाला पुंडीर ने कहा कि मंत्री परिषद की बैठक में नगरपालिका के परिसीमन विस्तार के बारे में विचार किया जाना चाहिए था। वह जल्द ही लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से भेंट करके सीमा विस्तार और बड़गांव में महाराणा प्रताप की मूर्ति के सुंदरीकरण के बारे में चर्चा करेंगी।