मुजफ्फरनगर। जनपद कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनरों के लिए सरकार ने जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की नई सुविधा प्रदान की है। वरिष्ठ कोषाधिकारी रमेश चंद्र ने बताया कि पेंशनर अब वेबसाइट www.jeevanpramaan.gov.in पर जाकर अपना जीवन प्रमाण पत्र दे सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने नजदीकी सुविधा केंद्रों या साइबर कैफे का उपयोग करना होगा। जिन पेंशनरों के पास बायोमीट्रिक डिवाइस है, वह स्वयं भी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बना सकते हैं। इस प्रक्रिया से पेंशनरों को कोषागार आने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही, उन्हें डिजिटल प्रमाण पत्र की हार्ड कॉपी भी कोषागार में जमा नहीं करनी पड़ेगी। यह सुविधा पेंशनरों के लिए प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाएगी। ब्यूरो