श्री राधा नवरंगी लाल जी के सांझी उत्सव में भक्तों द्वारा बनाई गई ठाकुर जी का मोर मुकुट बांसुरी और ?
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। प्राचीन सिद्धपीठ श्री राधा वल्लभ मंदिर में आयोजित श्री राधा नवरंगी लाल जी महाराज के सांझी उत्सव में सोमवार को रसिकों द्वारा विभिन्न रंगों से सांझी की रचना की गई। मंदिर के सेवाधिकारी नीरज गोस्वामी ने बताया कि श्री राधा नवरंगी लाल जी महाराज का सांझी उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। उत्सव में जहां 11 दिन तक विभिन्न किस्मों के फूलों से ठाकुरजी व राधे रानी की मनमोहक सांझी बनाई गई, वहीं, अब अमावस्या तक विभिन्न रंगों से सांझी की रचना की जाएगी। सांझी उत्सव श्री राधे रानी से संबंधित है इसीलिए रसिकों को इस पर अधिक ममत्व हैं। वर्षा काल में संध्या के समय आकाश में रंग बिरंगे बादल छाए रहते हैं, इसीलिए सांझी भी अनेक रंगों से बनाई जाती हैं। सोमवार को ठाकुर जी के मोर मुकुट व बांसुरी तथा श्री राधेरानी के चंद्रमुकटी की बहुत सुंदर छवि बनाई गई जिसकों कई प्रकार के रंगों से सजाया गया। उन्होंने बताया कि ठाकुर जी को मोर मुकुट और बांसुरी अधिक प्रिय हैं, इसीलिए प्रिया जी की चंद्रमुकटी की सांझी बनाकर भक्तों द्वारा उनकी पूजा कर उनको ठाकुर जी का ही रुप मानकर कई प्रकार के मिष्टान व मेवो का भोग लगाया गया। पुष्पा गोयल, रेखा गोयल, मीनाक्षी गोयल, सारिका गर्ग, शैली सिंघल, चारु सिंघल, रितिका गर्ग, रानी गोयल व कल्पना गर्ग ने सांझी की रचना की। जबकि सुशील गोयल, अमित कंसल, सतेंद्र बंसल, विकास गर्ग, आलोक गर्ग, मोहित सिंघल व अमित शर्मा ने मिलकर पद गायन किया। इस मौके पर दीपक गोस्वामी, अभिषेक गोस्वामी और निकुंज गोस्वामी आदि मौजूद रहे।