संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने अपने ससुर पर यौन उत्पीड़न और पिटाई का आरोप लगाया। इस मामले में कार्रवाई के लिए शांति सेना के संरक्षक मनेश गुप्ता के नेतृत्व में महिलाओं ने कोतवाली में धरना दिया। सीओ सिटी आयुष विक्रम सिंह के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया।
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि ससुर और उसके दोस्त ने उसका यौन उत्पीड़न किया है। विरोध करने पर उसकी पिटाई की जाती है। इसकी शिकायत उसने वहलना पुलिस चौकी पर दी, लेकिन कार्रवाई नहीं की। इस पर बृहस्पतिवार को शांति सेना के नेतृत्व में महिलाओं ने कोतवाली में धरना दिया। संरक्षक मनेश गुप्ता ने कहा कि अभी तक मामले में कार्रवाई ना होना काफी निंदनीय है। उधर, सीओ सिटी आयुष विक्रम सिंह ने पहुंचकर शहर कोतवाल आनंद देव मिश्र को निर्देश दिए कि मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। साथ ही महिला को भरोसा दिलाया कि जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया। इस दौरान ब्रजवीर सिंह, एडवोकेट, ममता, शशि मलिक, रामो सैनी, उपासना, सविता, सरोज, शिखा सैनी, कुसुम पाल आदि मौजूद रहे। संवाद