गांधी जयंती पर होंगे देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम
मुजफ्फरनगर। जिले में गांधी जयंती के कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने जिला पंचायत सभागार में बैठक ली। दो अक्तूबर को आयोजित होनेे वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रामपुर तिराहा पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कलक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि दो अक्तूबर को महात्मा गांधी जयंती मनाई जाएगी। सुबह आठ बजे कलक्ट्रेट सहित जनपद के समस्त सरकारी कार्यालयों एवं राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। विद्यालयों में किसी बड़े कक्ष या हाल में महात्मा गांधी के बड़े चित्र का अनावरण व माल्यार्पण किया जाएगा। ग्रामीण व नगर क्षेत्र सहित मलिन बस्तियों को चिह्नित कर साफ सफाई कराए जाने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने रामपुर तिराहे स्थित शहीद स्मारक पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस स्थल पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।