मुजफ्फरनगर। भाकियू (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि आठ जनवरी के बाद उनका संगठन प्रदेश के सभी रेलवे स्टेशनों पर पंचायत करेगा। किसानों को जब तक न्याय नहीं मिल जाता आंदोलन जारी रहेगा। रामपुर तिराहे पर संगठन के कार्यालय पर बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार पर दबाव के लिए रेलवे स्टेशनों पर पंचायत की रणनीति बनाई गई है। आठ जनवरी की वार्ता में कोई हल नहीं निकलता तो किसान को बड़ी लड़ाई के लिए तैयार रहना होगा। मेरठ मंडल अध्यक्ष पद्म सिंह, मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष क़ासिद हुसैन, राष्ट्रीय सलाहकार रिटायर्ड सीओ इंदर सिंह सांगवान ने कहा किसान आंदोलन को डेेढ़ माह होने जा रहा है। दिल्ली में धरना प्रदर्शन जारी है। काफी किसान भी इस लड़ाई में अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई हल मोदी सरकार निकाल नहीं पा रही है। किसानों के पास सड़क पर आने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। इस अवसर पर पवन त्यागी, जितेंद्र, अरुण मेहरा, पवन धामपुर, सुनील कुमार, अजीम सैफी, अजय त्यागी, प्रमोद शर्मा, अनिल त्यागी आदि मौजूद रहे।