मुजफ्फरनगर। शहर के व्यापारी से पंजाब निवासी व्यापारी ने हजारों का माल मंगाकर भुगतान नहीं किया। कई बार भी कहने पर नहीं जब भुगतान नहीं किया गया तो पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा दिया। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के आनंदपुरी निवासी महीपाल ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कहा था कि जनकपुरी में उनका रेडीमेड गारमेंटस, टीशर्ट का होलसेल का व्यापार है। वेबसाइट के माध्यम से लुधियाना की मैसर्स राधे कृष्णा कनाइट वीयर के संचालक नरेंद्र सिंह व उसके साथी युवराज व अमन की डिमांड पर 71 हजार 400 रुपये का सामान भेजा था। माल मंगाने के कई माह बाद भी भुगतान नहीं किया गया। एसएसपी के आदेश पर आरोपी संतोष नगर लुधियाना देहात निवासी नरेंद्र कुमार, न्यू करतार नगर लुधियाना निवासी युवराज व मुजफ्फरनगर निवासी अमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।