पसमांदा मुस्लिम सम्मेलन का किया गया आयोजन
बोले, मोदी-योगी सरकार की नीतियों का लाभ पसमांदा मुस्लिम समाज तक सीधे पहुंच रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। अखिल भारतीय पसमांदा मुस्लिम मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष जावेद मलिक ने कहा कि अभी तक किसी भी सरकार ने पसमांदा मुस्लिमों की सुध नहीं ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने ही पसमांदा मुसलमानों का दर्द समझा है। राजनितिक, आर्थिक एवं सामाजिक रूप से पिछड़े हुए पसमांदा मुसलमानों को सभी राजनीतिक दलों ने अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया।
मिमलाना रोड स्थित सभागार में मंगलवार को पसमांदा मुस्लिम सम्मेलन का आयोजन हुआ। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पश्चिम यूपी के अध्यक्ष जावेद मलिक ने कहा कि आजादी के बाद से देश और प्रदेश में कांग्रेस, सपा समेत अन्य विपक्षी दलों ने पसमांदा मुस्लिमों को गुमराह किया है। जबकि भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव पिछड़े मुस्लिम समाज को सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाया। मुफ्त राशन, मुफ्त घर, मुफ्त शौचालय और पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। ऐसे में पसमांदा मुस्लिम समाज को भी आने वाले चुनाव में भाजपा को मजबूत करने का काम करना चाहिए।
पसमांदा मुस्लिम मंच के प्रदेश अध्यक्ष इमरान अहमद ने कहा कि अंत्योदय के पायदान पर खडे़ व्यक्ति को लाभ पहुंचाने का काम मोदी और योगी सरकार जिम्मेदारी के साथ पूरा कर रही है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष वसीम मलिक, क्षेत्रीय अध्यक्ष गुलबहार चौधरी, कय्यूम मलिक, सगीर प्रधान, सारिक जिया, शाह कमाल प्रधान, अशरफ कस्सार, मोहम्मद अली मलिक, जीशान मलिक, गय्यूर अलवी, रविश अंसारी, नईम सलमानी मौजूद रहे।