मुजफ्फरनगर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार चौहान ने शनिवार को कई परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर कला -2 खतौली और प्राथमिक विद्यालय सठेड़ी-1 में खामियां मिलने पर प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बीएसए ने शनिवार को प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर कला -2 खतौली के निरीक्षण में पाया कि मिड डे मील तो मेन्यू के अनुसार बना था लेकिन उसकी गुणवत्ता उपयुक्त नहीं पाई गई। खाने में टमाटर और प्याज का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। इंचार्ज अध्यापक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने प्राथमिक विद्यालय सठेडी-2 में निरीक्षण के दौरान पाया कि वर्ष 2023-24 में प्राप्त स्कूल कंपोजिट ग्रांट का इस्तेमाल नहीं किया गया। ऐसे में प्रधानाध्यापिका शहनाज ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। विद्यालय का शौचालय भी प्रयोग में लाने योग्य नहीं मिला। उन्होंने प्रधानाध्यापिका को नोटिस देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय सठेडी-2, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय सठेड़ी, उच्च प्राथमिक विद्यालय बडसू खतौली, प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर कला -2 खतौली, प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर कला-1 खतौली और उच्च प्राथमिक विद्यालय (1-8) बुढ़ाना का भी निरीक्षण किया। इन सभी विद्यालयों में बच्चों की अधिक उपस्थित और साफ-सफाई को लेकर निर्देश दिए। साथ ही मिड-डे-मील में गुणवत्ता युक्त भोजन उपलब्ध कराने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल में पठन-पाठन के दौरान कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।