भाकियू की मासिक पंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने दी जानकारी
बोले, लखीमपुर खीरी में 18 ,19 और 20 अगस्त को 75 घंटे का होगा धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
भौरा कलां (मुजफ्फरनगर)। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान सबसे ज्यादा दुखी है। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पूरे देश में 31 जुलाई को चक्का जाम किया जाएगा। 18 ,19 और 20 अगस्त को लखीमपुर खीरी में देश भर के किसान 75 घंटे का शांतिपूर्वक धरना देंगे।
सिसौली के किसान भवन में आयोजित भाकियू की मासिक पंचायत में अध्यक्ष ने कहा कि जाम के दौरान किसी व्यक्ति को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। बीमार, बुजुर्ग महिलाओं छात्रों व बारात को ना रोकें। संगठन के साथ कोई विश्वासघात ना करें। किसानों के संगठन पर करोड़ों लोगों की निगाहें हैं। कहा कि हमने किसानों के साथ गद्दारी करना नहीं सीखा, सम्मान के साथ उनके हित की लड़ाई लड़ रहे हैं। हत्या का मुकदमा भी झेल रहे हैं। आम जनता की परेशानी को समझते हैं, कोई गलत फैसला नहीं करते। संगठन छोड़ कर जा रहे लोगों पर तंज कसते हुए कहा कि एक व्यक्ति जाता है, तो एक हजार जुड़ रहे हैं। लालच बहुत गलत है। भाकियू अध्यक्ष ने बिजली की दरों का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड में बिजली की दर उत्तर प्रदेश से काफी कम है। पूर्व की कांग्रेस सरकार ने किसानों के 36 माह के बिजली बिल माफ किए थे। शासन के आदेश पर प्रशासन किसानों की नहीं सुन रहा है। भाकियू अध्यक्ष ने सड़क दुर्घटनाओं का जिक्र कर दुख व्यक्त किया। कहा युवाओं को वाहन की स्पीड पर ध्यान न देकर पढ़ाई लिखाई की स्पीड पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने भाकियू की आर्थिक स्थिति बताते हुए नौकरी पेशा किसानों से एक दिन का वेतन संगठन में देने का आह्वान किया। मासिक पंचायत की अध्यक्षता ठाकुर जगत सिंह और संचालन होशियार सिंह ने किया। इस दौरान योगेश शर्मा, कपिल खाटीयान, मांगेराम त्यागी, ठाकुर सत्येंद्र पुंडीर, बाबूराम तोमर, जितेंद्र पहलवान, ठाकुर राम अवतार सिंह, राजेंद्र सैनी, शोकेंद्र पंवार मौजूद रहे।