मुजफफरनगर। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना हम सभी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को कांवड़ यात्रा की तैयारी में जुटने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को जनपद की सीमा में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने दी जाएगी।
मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में बैठक में डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा से जुड़े अधिकारी अधीनस्थों के साथ अपने आवंटित क्षेत्र का भ्रमण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके रास्ते में कांवड़ियों को कोई दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई एवं स्वच्छता का भी निरीक्षण कर लें। इसके लिए अभी से तैयारी पूरी कर लें। उन्होंने सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, जिला पूर्ति अधिकारी, विद्युत विभाग, डीपीआरओ, ईओ आदि को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि आज से ही कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर ले।
डीएम ने कहा कि किसी कांवड़िये की आकस्मिक रूप से बीमार होने की दशा पर एंबुलेंस से अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। जिले में चिकित्सा शिविरों में चिकित्सक उपस्थित रहेंगे तथा सभी जीवन रक्षक दवाइयां पर्याप्त मात्रा उपलब्ध रहेंंगी। विभिन्न क्षेत्रों में सीसी टीवी कैमरे तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि नहरों की पटरियों पर भी विशेष व्यवस्था की जायेगी।
एसएसपी अभिषेक सिंह ने कहा कि अधिकारी अपने अपने क्षेत्रान्तर्गत अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करेंगे। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, गजेंद्र कुमार, एसपी सिटी सत्यनाराण प्रजापत मौजूद रहे।