- निर्वाचन अधिकारी ने 14 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में माने सही
- आपत्तियों के बाद भाजपा और गठबंधन के अधिवक्ताओं ने रखा था पक्ष
- प्रत्याशी 21 नवंबर तक नामांकन वापस ले सकेंगे, पांच दिसंबर को चुनाव
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। खतौली विधानसभा के उप चुनाव में रालोद-सपा गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया और भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के नामांकन पर दर्ज आपत्तियों को निरस्त कर दिया गया है। चुनाव अधिकारी ने सभी 14 प्रत्याशियों के नामांकन सही ठहराए हैं। प्रत्याशी 21 नवंबर तक नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद पांच दिसंबर को चुनाव होगा।
रालोद-सपा गठबंधन के प्रत्याशी मदन भैया के नामांकन पर अधिवक्ता शिवराज त्यागी ने आपत्तियां दाखिल की थी। भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के नामांकन पर शुक्रवार को अधिवक्ता रामवीर सिंह एडवोकेट और ओमबीर सिंह ने आपत्तियां दाखिल की। चुनाव अधिकारी एसडीएम जीत सिंह राय ने दोनों पक्षों की आपत्तियों पर सुनवाई की। गठबंधन की ओर से सपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रमोद त्यागी ने भी मजबूती से पक्षा रखा। दोनों पक्षों की आपत्तियां सुनने के बाद चुनाव अधिकारी ने दोपहर बाद मदन भैया और राजकुमारी सैनी समेत सभी प्रत्याशियों के नामांक वैध घोषित कर दिए। एसडीएम ने बताया कि 21 नवंबर तक प्रत्याशी अपने नामांकन वापस ले सकते हैं, इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए थे जयंत सिंह
सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी पूर्व विधायक मदन भैया के नामांकन पर आपत्ति के बाद सियासी गलियों में उठापटक रही। सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कानूनी लड़ाई का मोर्चा संभाला, जबकि रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह भी दोपहर के समय दिल्ली से मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। नामांकन सही पाए जाने की जानकारी मिलने पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें गाजियाबाद में ही रोक लिया। इसके अलावा सुबह 10 बजे से ही रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की बैठक शुरू हो गई थी। सबकी निगाह नामांकन की वैधता पर टिकी हुई थी।
गठबंधन ने तीन और भाजपा ने किए थे दो नामांकन
सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया ने उप चुनाव के लिए तीन नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी ने दो नामांकन पत्र दाखिल किए थे।
खतौली चुनाव में इनके नामांकन सही
प्रत्याशी पार्टी
मदन भैया रालोद-सपा
राजकुमारी सैनी भाजपा
रमेश भागीदारी पार्टी
यशपाल सिंह मजदूर किसान यूनियन पार्टी
मोहम्मद यूसुफ निर्दलीय
प्रदीप कुमार निर्दलीय
सुरेश वती निर्दलीय
वकार अजहर निर्दलीय
प्रमोद आर्य निर्दलीय
संजीव कुमार निर्दलीय
निर्भय प्रताप सिंह निर्दलीय
संतोष निर्दलीय
सुदेश निर्दलीय
यशपाल राठी निर्दलीय