क्वारंटीन केंद्रों पर श्रमिकों का हंगामा
मुजफ्फरनगर, चरथावल। बिहार प्रांत के विभिन्न जनपदों के 76 श्रमिकों ने बृहस्पतिवार शाम क्वारंटीन केंद्र चंद्रशेखर आजाद पीजी कॉलेज पर घर जाने के हंगामा किया। बताया गया कि प्रशासन के वादे के मुताबिक शाम तक बस का इंतजाम नहीं होने पर उनके सब्र का बांध टूट गया। हंगामा करते हुए प्रवासी श्रमिकों ने पैदल ही केंद्र से निकलने का प्रयास किया। थाना प्रभारी सूबे सिंह यादव पुलिस बल के साथ केंद्र पहुंचे। राजस्व विभाग का अमला भी उन्हें मनाने पहुंचा। एसओ ने श्रमिकों को आज वाहन का इंतजाम होने पर अवश्य घर भिजवाने का भरोसा दिया। बिहार के जनपद बेतिया, गया, मुजफ्फरपुर आदि के 76 श्रमिकों को पैदल गंतव्य जाते हुए बुधवार रात को थाना नई मंडी पुलिस ने कस्बे के क्वारंटीन केंद्र पर छोड़ा था।