मुजफ्फरनगर। शहर में अफसरों के फर्जी हस्ताक्षर कर रिपोर्ट जारी करने वाला गिरोह सक्रिय है। शहर लेखपाल और तहसीलदार के फर्जी हस्ताक्षर कर हाल ही में एमडीए को एनओसी जारी कर दी गई। इस प्रकरण में एसडीएम सदर ने एमडीए सचिव को पत्र लिखकर बताया कि उनके यहां से कोई रिपोर्ट जारी नहीं हुई हैं।
वहलना में सोना धर्म कांटा के पास एक मार्केट बनाया जा रहा है। इस मार्केट को बनाने के लिए एमडीए से नक्शा पास नहीं था। कुछ समय पहले प्रशासन ने मार्केट के मालिक को नोटिस जारी कर दिया था। इसके बाद तहसील से एक एनओसी जारी कराकर एमडीए में जमा कराई गई और एमडीए ने शमन शुल्क जमा कराते हुए मार्केट का नक्शा जारी कर दिया। इस प्रकरण को लेकर गांव वहलना के दिलावर सिंह ने मंडलायुक्त सहारनपुर के यहां शिकायत की तो सामने आया कि तहसील से जारी एनओसी फर्जी है। एमडीए सचिव को एसडीएम सदर परमानंद झा ने एक पत्र लिखा है जिसमें कहा गया कि उनके यहां की एनओसी के आधार पर कोई अनुमति न दी जाए। एनओसी फर्जी है।
हस्ताक्षर फर्जी हैं: एसडीएम
तहसील सदर के एसडीएम परमानंद झा ने बताया कि लेखपाल संजीव शर्मा और तहसीलदार अभिषेक शाही ने एनओसी पर कोई हस्ताक्षर नहीं किए। इन दोनो के फर्जी हस्ताक्षर कर एनओसी जारी की गई। इस संबंध में एमडीए सचिव को पत्र लिख दिया है।
मामले की जांच की जा रही: प्रजापति
एमडीए सचिव आदित्य प्रजापति का कहना है एसडीएम के पत्र के बाद मामला संज्ञान में आया है इसकी जांच की जा रही है।