अस्पतालों में कोताही बर्दाश्त नहीं : डीएम
मुजफ्फरनगर। डीएम चंद्र भूषण सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की समस्त योजनाओं को लाभ पात्रों तक पहुंचना चाहिए। आशाओं के भुगतान में देरी नहीं होनी चाहिए। बीमार लोगों को समय पर और सही उपचार मिले। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलक्ट्रेट में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जनपद रैंकिंग, आरसीएच पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के पंजीकरण, जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थी व आशा भुगतान, क्वालिटी एश्योरेंस कार्यक्रम, परिवार कल्याण कार्यक्रम और नियमित टीकाकरण समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा की। नोडल अधिकारियों एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रमों में लक्ष्य के सापेक्ष गुणात्मक उपलब्धि होनी चाहिए। खराब प्रगति पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी अस्पताल में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। परिसर की साफ-सफाई आदि के कड़े निर्देश दिए। एक अक्तूबर से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान, सात से 21 अक्टूबर तक दस्तक अभियान के तहत घर-घर सर्वे कर फ्लू, खांसी, बुखार के रोगियों व कुपोषित बच्चों की जांच की जाए। लोगों को आशा कार्यकर्त्ताओं द्वारा दिमागी बुखार के लक्षणों एवं उपचार के विषय में समुदाय को जागरूक किया जाए। बैठक में सीडीओ संदीप भागिया, सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।