कोविड एल-वन सेंटर पर नहीं हुई कर्मचारियों की तैनाती
पुरकाजी। कोरोना संक्रमित मरीजों को उपचार के लिए कस्बे में बनाए गए कोविड एल-वन सेंटर के शुभारंभ हुए दो सप्ताह बीतने के बावजूद कर्मचारियों की तैनाती नहीं की गई है। प्रशासन द्वारा गांव फलौदा सीएचसी को कोविड एल-वन सेंटर बनाया गया था, जहां बेड और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी उपलब्ध करा दिए गए थे। इसके बाद डीएम सेल्वा कुमारी जे ने 18 मई को कोविड सेंटर का निरीक्षण भी किया था, जिसके बाद अफसरों को जल्द से जल्द इस सेंटर को शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। कोविड सेंटर का शुभारंभ हुए दो सप्ताह बीतने के बावजूद अब तक यहां स्वास्थ्य विभाग द्वारा कर्मचारियों की तैनाती नहीं की गई है। इसके चलते अब तक यहां एक भी मरीज भर्ती नहीं किया जा सका है। मामले में सीएचसी प्रभारी डॉ अरुण कुमार का कहना है कि क्षेत्र में जो भी कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल रहे हैं, उन्हें जरूरी दवाइयां देकर होम आइसोलेट किया जा रहा है। इसके चलते कोविड सेंटर पर अब तक एक भी मरीज भर्ती नहीं किया जा सका है। यही कारण है कि यहां स्वास्थ्य कर्मचारी भी अभी तैनात नहीं किए गए हैं।