मुजफ्फरनगर। तितावी क्षेत्र में परिवहन निगम के टीआई की गाड़ी चोरी के मामले में नया मोड़ आ गया। यातायात निरीक्षक टोल पर चेकिंग के बजाए बघरा में शादी के कार्यक्रम में शामिल होने चले गए थे। इस दौरान रिजोर्ट के बाहर से सरकारी गाड़ी चोरी हो गई। सहारनपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक योगेंद्र प्रताप सिंह ने लापरवाही के चलते दोनों टीआई और चालक को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कराई है।
परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो के टीआई अमित कुमार की सरकारी गाड़ी तितावी क्षेत्र से बृहस्पतिवार रात लगभग दस बजे चोरी होने की सूचना टीआई ने रात में ही विभागीय अधिकारियों के साथ ही तितावी पुलिस को दी थी। पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया था। टीआई अमित कुमार के साथ मौजूद टीआई सचिन कुमार व गाड़ी चालक प्रमेश ने भी अधिकारियों को गाड़ी चोरी होने की जानकारी दी थी।
विभागीय अधिकारियों ने मामले की जांच कराई तो पता चला कि बघरा बाईपास के पास एक रिजोर्ट में मुजफ्फरनगर डिपो के एक कर्मचारी के परिवार में मांगलिक कार्यक्रम था। तीनों कर्मचारी वहां शामिल होने के लिए गए थे। उन्होंने गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की थी। संभवत: गाड़ी में चाबी लगी थी। इसी का फायदा उठा कर चोर गाड़ी को चोरी कर ले गए थे।
परिवहन निगम की सहारनपुर टीम ने रात में ही गाड़ी में लगे वाहन ट्रैकिंग सिस्टम से गाड़ी की लोकेशन की जानकारी कर तितावी व हरियाणा की पानीपत पुलिस को सूचना दी थी। पानीपत पुलिस ने रात में ही गाड़ी को पकड़ लिया था और तितावी पुलिस गाड़ी को वहां से ले आई थी। हालांकि तितावी पुलिस ने गाड़ी को गांव अमीरनगर के जंगल से बरामद होना बताया है।
यह लिखाई थी रिपोर्ट
टीआई अमित कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि कि वह लोग अपने डयूटी वाहन में थे। बृहस्पतिवार रात लगभग पौने ग्यारह बजे बघरा बाईपास के पास एक रिजोर्ट के निकट एक बस में चेकिंग करने के लिए गए तो बाहर खड़ी उनकी गाड़ी चोरी हो गई।
परिवहन निगम के सहारनपुर रेंज के क्षेत्रीय प्रबंधक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम तौर पर जांच में लापरवाही सामने आई है। दोनों टीआई व चालक विभागीय कर्मचारी के यहां मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे जबकि उन्होंने चेकिंग के दौरान गाड़ी चोरी होने की सूचना दी थी। तीनों को यह जानकारी नहीं थी कि गाड़ी में ट्रेकिंग सिस्टम लगा है। उन्होंने विभाग की इंजीनियरिंग टीम से वाहन ट्रैकिंग सिस्टम से गाड़ी की लोकेशन का पता लगवाया और तितावी व हरियाणा पुलिस को सूचना दी थी। गाड़ी को पानीपत पुलिस ने पकड़ा था। लापरवाही के चलते तीनों कर्मचारियों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कराई है।