नवजात की मौत, चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप
मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की कच्ची सड़क पर स्थित एक निजी अस्पताल में दो दिन के नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। अस्पताल संचालक के साथ धक्का-मुक्की की। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत किया। काफी कहने के बावजूद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। पुलिस को तहरीर दी गई है।
सिविल लाइन थाने के रैदासपुरी मोहल्ला निवासी नितिश ने दो दिन पहले प्रसव के लिए अपनी पत्नी पूजा को कच्ची सड़क स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। उसी दिन ऑपरेशन से पूजा ने शिशु को जन्म दिया। बृहस्पतिवार शाम को शिशु की तबियत बिगड़नी शुरू हो गई। तुरंत ही यह सूचना चिकित्सक को दी, तब बाहर से बच्चा रोग विशेषज्ञ को बुलाया गया। उन्होंने नवजात को देखा और दवाई दी तथा कुछ देर में नवजात की हालत सही बताते हुए चिकित्सक चले गए। आरोप है कि रात में लगभग एक बजे शिशु को सांस लेने में परेशानी होने लगी तो अस्पताल स्टाफ को सूचना दी, लेकिन इसके बाद कोई डॉक्टर नहीं आया। शुक्रवार सुबह शिशु की मौत हो गई। इससे परिजनों में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया।
अस्पताल संचालक के साथ धक्का-मुक्की की गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर परिजनों को शांत कराया। थाने के कार्यवाहक प्रभारी सुदेश कुुमार ने बताया कि परिजनों ने काफी समझाने के बाद भी शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। पुलिस को तहरीर दी है। बताया गया कि कुछ गण्यमान्य लोग दोनों पक्षों में समझौता कराने के प्रयास में जुटे हैं।