बेहडा सादात में ब्लाक स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में दमखम दिखाते युवा
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मोरना। नेहरू युवा केंद्र की ओर से स्वामी कल्याण देव पालीटेक्निक इंस्टीट्यूट बेहड़ा सादात में चल रही ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन कबड्डी प्रतियोगिता हुई। फाइनल में गांव नन्हेड़ा ने बेहड़ा सादात की टीम को हराकर ट्राफी पर कब्जा किया। विजेता और उप विजेता टीम को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि डायरेक्टर ब्रजवीर सिंह ने खेल मैदान पर फीता काटकर किया। इसके बाद विकास खंड क्षेत्र के खाईखेड़ा, युसूफपुर, करहेड़ा, नन्हेड़ा, बेहड़ा सादात आदि गांवों की टीमों ने लीग मैचों में बेहतर प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबला गांव नन्हेडा और बेहड़ा सादात के बीच हुआ। इसमें गांव नन्हेड़ा ने 25-9 अंकों से जीतकर ट्राफी पर कब्जा किया। मुख्य अतिथि सीओ राम आशीष यादव ने विजेता और उप विजेता टीम को सम्मानित किया।
रेफरी के रूप में कैप्टन सिंह करहेड़ा और ऊधम सिंह ने मुख्य भूमिका निभाई। जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि ब्लाक स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता टीमें जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेंगी। प्रतियोगिता के आयोजन में राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक प्रीति पाल, मोहम्मद सकलैन, अविनाश राठी, बंटी, केशव कुमार, हार्दिक, वंश, कार्तिक मलिक, अक्षय, अनमोल आदि ने मुख्य भूमिका निभाई।