जांच में सामने आई 941 दुकानें
नगर पालिका ने अब से दुकानों की निर्माण विभाग से गिनती कराई है। इस गिनती में मार्केट में 941 दुकानें सामने आई है। ईओ हेमराज ने बताया कि सर्वे में स्थिति ओर अधिक स्पष्ट हो जाएगी।
एसोसिएशन के खातों को खंगाल रहा प्रशासन
पालिका की जमीन की लीज खत्म होने से अब तक एसडी मार्केट के दुकानदारों से लिए गए रुपये का प्रयोग कहां हुआ है? प्रशासन यह रिकार्ड खंगाल रहा है। मार्केट के दुकानदार सनातन धर्म कॉलेज एसोसिएशन के नाम से चल रहे खाते में पैसा जमा करते हैं। सनातन धर्म कॉलेज एसोसिएशन ने मार्केट बनाई। पगड़ी की रकम की जांच होगी।
सनातन धर्म कॉलेज एसोसिएशन के नाम से गुलशन राय मर्केंटाइल बैक में खाता खुला है। दुकानदार प्रति माह अपना किराया इसी बैंक में जमा करते हैं। प्रशासन जांच कराएगा कि यहां से लिए गए किराए के रुपये शिक्षा के कार्य में लगाए गए या कहीं दूसरी जगह। खाते का रिकार्ड और बैलेंस शीट खंगाली जा रही है। इसके लिए अलग से कुछ प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
व्यापारियों के समर्थन में उतरी भाकियू, टिकैत पहुंचे एसडी मार्केट
भाकियू शुक्रवार को एसडी और झांसी रानी मार्केट के व्यापारियों के समर्थन में उतर गई। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत एसडी मार्केट पहुंचे और कुछ व्यापारियों से मुुलाकात की। उन्होंने व्यापारियों से प्रकरण की जानकारी ली। आरोप लगाया कि कुछ लोग पश्चिम उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े कपड़ा बाजार के व्यापारियों को परेशान करने की साजिश रच रहे हैं। पालिका की स्थिति खुद ही ठीक नहीं है। पालिका के जो भी मार्केट है, उनकी स्थिति किसी से छिपी नहीं है। चेयरपर्सन के साथ क्या किया गया, इसे पूरा जिला जानता है। एसडी मार्केट के व्यापारी शांति से व्यापार कर रहे हैं, इनकी शांति किसी को भंग नहीं करने दी जाएगी। सीधे-साधे व्यापारियों को बहाने बनाकर प्रशासन परेशान करना चाहता है।