जागाहेड़ी टोल प्लाजा पर हंगामा, तोड़फोड़, टोल फ्री कराने के आरोप में जिलाध्यक्ष निखिल चौधरी समेत 58 कार्यकर्ताओं पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अब इन पर गिरफ्तार की तलवार लटक गई है।
भारतीय किसान यूनियन तोमर के कार्यकर्ताओं ने रविवार को 13 मांगों को लेकर जागाहेड़ी टोल प्लाजा पर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया था। तोड़फोड़, टोल फ्री कराने के आरोप में तितावी थाने में टोल के मैनेजर जसवीर सिंह ने सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जसवीर सिंह ने बताया कि भारतीय किसान यूनियन तोमर के जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी व अन्य कार्यकर्ता लगभग 35 गाड़ियों में सवार होकर आए और उन्होंने टोल पर तोड़फोड़ की। बूमों को तोड़ दिया। टोल को जबरन फ्री कर दिया।
इस दौरान अन्य वाहनों में सवार यात्री डरकर भाग गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं की तीन गाड़ियों को सीज कर दिया है। वहीं इस कार्रवाई से भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने रोष जताया है और आंदोलन करने की चेतावनी दी है।