भोपा (मुजफ्फरनगर)। ईंट भट्ठे पर पानी से भरे गड्ढे में डूबकर दस माह की बालिका की मौत हो गई। बालिका के माता-पिता ईंट पथाई कार्य में व्यस्त थे।
तिस्सा मार्ग स्थित गांव किशनपुर निवासी जुल्फिकार के ईट भट्ठे पर बघरा निवासी इस्लाम व उसका भाई मोहम्मद जाफिर ईंट पथाई का कार्य करते हैं। शुक्रवार को इस्लाम व उसकी पत्नी साजिदा भट्ठे के पसार ( मैदान ) में ईट पथाई कर रहे थे। उसकी 10 माह की पुत्री रिया पास में ही खेल रही थी। घुटनों के बल चलती हुई रिया पास में खड़े हैंडपंप तक पहुंच गई और पास में पानी के भरे गड्ढे में गिर गई। कुछ देर बाद जब इस्लाम व साजिदा का ध्यान बच्ची की ओर गया तो वह पास में नहीं मिली। तलाश करने पर बच्ची पानी से भरे गड्ढे में मृत मिली। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। इस्लाम के तीन बच्चों में रिया सबसे छोटी थी।