मुजफ्फरनगर में अशुद्धिकृत उत्प्रवाह हिंडन और काली नदी पश्चिमी में निस्तारित किए जाने पर टिहरी पेपर मिल और मैग्मा इंडस्ट्रीज को सील कर दिया गया है।
क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि धंधेडा बेगराजपुर नाला काली नदी पश्चिमी में मिलता है। जिले के लगभग सभी प्रमुख जल प्रदूषणकारी उद्योगों के उत्प्रवाह का निस्तारण इसी नाले के माध्यम से होता है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने उद्योगों एवं नालों का निरीक्षण किया। इस दौरान मैसर्स टिहरी पल्प एंड पेपर मिल्स लिमिटेड भोपा रोड से जनित अशुद्धिकृत उत्प्रवाह को नाले में निस्तारित किया जाता पाया गया। इसके अलावा मैग्मा इंडस्ट्रीज औद्योगिक क्षेत्र बेगराजपुर से भी अशुद्धिकृत उत्प्रवाह को बेगराजपुर औद्योगिक नाले में निस्तारित किया जाता पाया गया। इमरजेंसी क्लोजर की संस्तुति के आधार पर बोर्ड मुख्यालय लखनऊ ने दोनों उद्योग के बंदी के आदेश जारी किए।
वहीं बुधवार को दोनों उद्योगों की उत्पादन प्रक्रिया को सील कर दिया गया है। इनके अलावा वायु प्रदूषणकारी उद्योग सम्यम इंडस्ट्रीज औद्योगिक क्षेत्र बेगराजपुर, सुमन इंडस्ट्रीज औद्योगिक क्षेत्र बेगराजपुर और गुरदेव इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज खतौली बाईपास को सील कर दिया गया है।