मुजफ्फरनगर के गुड़ को मिला जीआई टैग
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। एक जिला एक उत्पाद में शामिल जिले के गुड़ को अब जीआई टैग मिल गया है। इससे गुणवत्तापूर्ण स्थानीय गुड़ घरेलू बाजार के साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी पकड़ बनाएगा और निर्यात में भी वृद्धि होगी।
डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि गुड़ को जीआई टैग प्राप्त हो चुका है। इससे उत्पाद को विशेष महत्व प्राप्त हो जाता है। साथ ही साथ उस क्षेत्र को सामूहिक रूप से इसके उत्पादन का एकाधिकार प्राप्त हो जाता है। इसके लिए शर्तें हैं कि उस वस्तु का उत्पादन या प्रोसेसिंग उसी क्षेत्र में होना चाहिए, जहां के लिए टैग किया जाना है। गुड़ व्यापारी अंचित मित्तल का कहना है कि गुणवत्ता बढे़गी। जीआई टैग के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होंगे।
जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त परमहंस मौर्य ने कहा कि मुजफ्फरनगर के गुड़ की देश और दुनिया में अलग पहचान होगी, साथ ही जिले की समृद्ध संस्कृति और सामूहिक बौद्धिक विरासत का हिस्सा बनेगा। जिले के अलावा कहीं भी मुजफ्फरनगर के नाम से गुड़ नहीं बन सकेगा। इससे निर्यात और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ ही गरीब किसानों और कामगारों को भी संरक्षण प्राप्त होगा।